पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर-पीडीडीयू रेल खंड के स्टेशनों से होकर गुजरने वाली अमृतसर-हावड़ा मेल व विभूति एक्सप्रेस ट्रेनों का एक अक्तूबर तक रूट बदल दिया गया। वहीं बनारस मेमू स्पेशल पैसेंजर ट्रेन को 15 अक्तूबर तक रद्द कर दिया गया है। इससे पटना, कोलकाता आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, श्रमजीवी एक्सप्रेस निर्धारित समय से तीन घंटे विलंब से दिलदारनगर, गहमर, बक्सर स्टेशन पहुंची।
जानकारी के मुताबिक, डाउन में पंजाब मेल लखनऊ से कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर होते हुए चुनार पहुंचेगी और वहां से चुनार-गया रेलखंड के रास्ते गंतव्य को जाएगी। वहीं विभूति प्रयागराज से खुलकर मिर्जापुर होते हुए चुनार पहुंचेगी और चुनार-गया रेलखंड के रास्ते हावड़ा जाएगी। गहमर स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि ट्रेनों के रूट में परिवर्तन या रद्द करने का निर्णय उच्चाधिकारी लेते हैं। ट्रेन के रूट परिवर्तन कर संचालन किए जाने का कारण पता नहीं है।
बोले यात्री
हावड़ा जाने के लिए शुक्रवार को गहमर स्टेशन पहुंचे थे। पता चला कि अमृतसर-हावड़ा मेल एवं विभूति एक्सप्रेस का रूट बदल गया है। यह भी बताया नहीं जा रहा कि ट्रेन कहां से होकर जाएगी। - शहबाज खान, यात्री
0000000
हावड़ा जाना था। गहमर स्टेशन पहुंचने पर पता चला कि ट्रेनों का रूट डायवर्ट है। पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई। बक्सर स्टेशन से दूसरी ट्रेन पकड़नी पड़ी। -अबुलैस खान, यात्री