सुहवल। रेलवे महकमें में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल को यह सूचना प्रसारित किया कि सोनवल क्रॉसिंग के पास होम सिग्नल फेल है। इसके बाद तो महकमें में अफरातफरी मच गई। इधर दिलदारनगर से आ रही स्पेशल पैसेंजर ट्रेन सिग्नल न मिलने के चलते आठ बजकर 55 मिनट पर सोनवल होम सिग्नल से पहले बीच में ही खड़ी हो गई । इससे यात्रियों को सूझ ही नहीं रहा था कि आखिर माजरा क्या है। करीब बीस मिनट तक ट्रेन खड़ी रहने के बाद मेमो के सहारे स्टेशन के लिए 9 बजकर 15 मिनट पर रवाना हुई। तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद सोनवल से दिलदारनगर जंक्शन के लिए ट्रेन 9 बजकर 45 पर दोबारा मेमो के सहारे ही रवाना हुई। इधर रेलवे के सिग्नल विभाग के इंजीनियर के काफी प्रयास के बाद सिग्नल में आई तकनीकी खराबी को घंटे भर की कड़ी मशक्कत के बाद दूर किया। ट्रेन का परिचालन सिग्नल सिस्टम से सकुशल शुरू होने पर अधिकारियों एवं कर्मियों ने राहत की सांस ली। इस संबंध में स्टेशन मास्टर जीपी सिंह ने बताया कि क्रासिंग के पास होम सिग्नल में आई तकनीकी खराबी को इंजीनियरों की टीम द्वारा दूर कर दिया गया है। इसके बाद से ट्रेन का संचालन सिग्नल सिस्टम से निर्बाध तरीके से हो रहा है।