गाजीपुर। कोरोना की संभावित तीसरी लहर से दो-दो हाथ करने को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारी शुरु कर दी गई है। इसके लिए जिले में पांच और ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाएंगे। पांच में दो विधायक निधि और तीन प्लांट निजी सहयोग से स्थापित होंगे। दो मई माह के अंत तक और तीन 10 जून तक बनकर तैयार हो जाएंगे। जमानिया में भाजपा विधायक सुनीता सिंह और सैदपुर में ऑक्सीजन प्लांट लगवाने के लिए सपा विधायक सुभाष पासी ने अपनी निधि से धनराशि डीएम को दी है। वहीं मुहम्मदाबाद में संजय राय शेरपुरिया और जिला महिला अस्पताल में लार्ड डिस्टिलरी द्वारा प्लांट स्थापित कराया जाएग। सुखबीर एग्रो फतेहउल्लाहपुर के सहयोग से तीसरा प्लांट लगेगा, लेकिन अब तक स्थान चिन्हित नहीं हो सका है। ऐसे में पांच ऑक्सीजन प्लांट मिलाकर जिले में कुल सात प्लांट हो जाएंगे। वहीं जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट शुरु हो चुका है। जल्द ही भदौरा सीएचसी पर प्लांट लगाने की कार्रवाई शुरु हो जाएगी। इस संबंध में डीएम एमपी सिंह ने बताया कि पांच नए ऑक्सीजन प्लांट लगेंगे। सभी दस जून तक लगकर संचालित होने शुरु हो जाएंगे। इसको लेकर तैयारी शुरु कर दी गई है।