गाजीपुर। जिले में ऑक्सीजन की किल्लत अब दूर हो चुकी है। विभाग के पास पर्याप्त ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध है। मरीजों को तत्काल सुविधा मुहैया कराई जा रही है। इसके अलावा जिला अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट की टेस्टिंग चल रही है। दो से तीन दिन के अंदर मरीजों को सुविधा मिलने लगेगी। उधर, भदौरा सीएचसी पर ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने की कवायद भी तेज हो गई है। संक्रमण की पहली लहर में जिला अस्पताल को अत्याधुनिक चिकित्सकीय सुविधाओं से लैस किया गया था, लेकिन ऑक्सीजन की किल्लत दूर नहीं हो सकी थी। साधारण तरीके से सिलिंडर मंगाकर मरीजों को ऑक्सीजन की सुविधा प्रदान की जा रही थी। किसी तरह चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को संचालित किया जा रहा था, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर में मरीजों को ऑक्सीजन की किल्लत में दम तोड़ता देख जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे की चिंता बढ़ गई थी। ऐसे में जिलाधिकारी की पहल पर जहां जिले से ऑक्सीजन की किल्लत दूर हुई। प्लांट स्थापित होने के साथ टेस्टिंग भी शुरु हो गई है। सीएमओ डा. जीसी मौर्या ने बताया कि जिले में ऑक्सीजन की कोई किल्लत नहीं है। वर्तमान समय में 50 छोटा और बड़ा ऑक्सीजन सिलिंडर सुरक्षित है। इधर दो से तीन दिन के अंदर ऑक्सीजन प्लांट से जिला अस्पताल के वार्ड में भर्ती मरीजों को सुविधा मिलनी शुरु हो जाएगी।