मुहम्मदाबाद। नामांकन वापसी के बाद विकासखंड में प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए कुल 1546 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जबकि एक ग्राम प्रधान, दो क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं 667 ग्राम पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। ग्राम पंचायत केशवपुर में दुर्गा यादव निर्विरोध ग्राम प्रधान निर्वाचित हुए हैं। इस ग्राम पंचायत से ही उनके पोते विरेंद्र यादव ने भी पर्चा दाखिल किया था जिसकी तीन दिन पूर्व मृत्यु हो गई। इसके चलते पूरे गांव में शोक का वातावरण था। सहानुभूति प्रकट करते हुए नामांकन दाखिल करने वाले अन्य प्रत्याशियों निवर्तमान प्रधान सोहराब शाह, शहीद शाह और रामनिवास सिंह यादव ने अपना नामांकन वापस ले लिया जिससे मृतक के दादा दुर्गा यादव निर्विरोध प्रधान बन गए। क्षेत्र पंचायत वार्ड 68 शहबाजकुली से श्रवण सिंह यादव और वार्ड 84 बलुवा टप्पा कठउत से अंजू राय निर्विरोध निर्वाचित हुई। इसके अलावा 667 ग्राम पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। रिटर्निंग आफीसर सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान पद के 165, ग्राम पंचायत सदस्य के 35 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के 23 प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस कर लिया है। अब 88 ग्राम प्रधान पद के लिए 598 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जबकि 109 क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 425 तथा ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 533 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।