जमानिया। एसपी डाॅ. ईरज राजा ने बृहस्पतिवार को विवेचना में लापरवाही बरतने के आरोप में जमानिया स्टेशन चौकी प्रभारी विवेक पाठक और एसआई अशोक सिंह को निलंबित कर दिया। जबकि सिपाही अरुण पाठक को लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी डाॅ. ईरज राजा ने बताया कि विवेचना में लापरवाही बरतने के मामले में जमानिया क्षेत्र स्टेशन चौकी प्रभारी विवेक पाठक और एसआई अशोक सिंह को निलंबित कर दिया गया है। वहीं सिपाही अरुण पाठक पर लाइन हाजिर की कार्रवाई की गई है। साथ ही पूरे मामले में विभागीय जांच के साथ ही कार्रवाई का भी निर्देश दिया गया है। बताया कि विवेचना में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की गई है।बता दें कि बीते सात जून की रात सेवानिवृत्त मत्स्य अधिकारी नंदू दूबे के घर चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। पीड़ित नंदू दुबे के मुताबिक करीब चार लाख नगदी और करीब 35 लाख रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया था। इस मामले में बीते आठ जून को मुकदमा दर्ज हुआ था। पीड़ित न्याय के लिए कोतवाली का चक्कर काटते रहे। साथ ही आईजीआरएस पर शिकायत भी किया था। बीते 22 अक्तूबर को जब आईजीआरएस पर लगी रिपोर्ट पीड़ित ने देखा तो पता चला कि 11 जुलाई को ही रिपोर्ट लग गई हैं और तीन चोर पकड़ भी लिए गए हैं, लेकिन पीड़ित को कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद पीड़ित 23 अक्तूबर को डीआईजी वाराणसी के यहां पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित ने बताया कि डीआईजी वाराणसी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और पूरे मामले की जांच जौनपुर जिले के पुलिस अधिकारी से कराई थी।