बोर्ड की पहली बैठक में बोल मस्त, सभी मिलकर बिना भेदभाव के नगर का सर्वांगीण विकास करें
नगर पालिका परिषद का वर्ष 2023-24 का बजट स्वीकृत किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मुहम्मदाबाद/बहादुरगंज। नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद के नव निर्वाचित बोर्ड की पहली बैठक सोमवार को पालिका के सभाकक्ष में हुई। इसमें वर्ष 2023-24 का बजट स्वीकृत किया गया। बोर्ड की पहली बैठक में उपस्थित बलिया के सांसद विरेंद्र सिंह मस्त ने कहा कि आप के कंधों पर नगर के विकास की जिम्मेदारी यहां की जनता ने दी है। अब आप सभी मिलकर बिना भेदभाव के नगर का सर्वांगीण विकास करें।
उन्होेंने कहा कि केंद्र से जुड़ी योजनाओं के तहत आप सभी जो भी प्रस्ताव बनाकर हमें देंगे उसके लिए धन दिलाने का कार्य करुंगा। स्थानीय विधायक सुहैब उर्फ मन्नू अंसारी ने कहा कि हम सभी मिलकर नगर का विकास करेंगे। सभी धार्मिक स्थलों को जाने वाले मार्गों का प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कराया जाए। उन्होंने मुहम्मदाबाद के ट्रामा सेंटर को चालू कराने के लिए सांसद से आग्रह किया।
कहा कि नगर के विकास के लिए हमारी विधायक निधि से भी जो संभव है कार्य कराया जाएगा। अध्यक्षता करते हुए चेयरमैन रईस अहमद अंसारी ने कहा कि आप सभी का सहयोग मिलता रहेगा तो मुहम्मदाबाद को एक आदर्श नगर पालिका के रूप में विकसित किया जा सकेगा।
बैठक में अधिशासी अधिकारी विरेंद्र कुमार राव ने वर्ष 2023-24 का बजट प्रस्तुत किया जिसमें नगर पालिका की कर-करेत्तर आय दो करोड़ 81 लाख तथा शासन से प्राप्त शासकीय अनुदान 12 करोड़ 12 लाख है। इस प्रकार कुल आय 14 करोड़ 93 लाख है जबकि व्यय मद में विकास कार्य में छह करोड़ 82 लाख तथा वेतन एवं पेंशन मद में आठ करोड़ 10 लाख व्यय होगा।
इस प्रकार वर्ष 2023-24 में एक लाख रुपये लाभ का बजट दर्शाया गया है। ईओ द्वारा प्रस्तुत बजट को बोर्ड की ओर से सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया। इस अवसर पर सभी सभासद मौजूद रहे।्अंत में लेखाकार डा. राजकुमार रावत ने आभार प्रकट किया।
आदर्श नगर पंचायत बहादुरगंज की बैठक में बजट 2023-24 पर चर्चा की गई। स्वच्छ सर्वेक्षण-23 की तैयारी के संबंध में चर्चा की गई। नगर में चुनाव के कारण बाधित हुए जनहित के कार्य जैसे सड़क, नाली एवं प्रकाश व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के संबंध में बोर्ड के 13 सभासदों से प्रस्ताव मांगा गया। नगर पंचायत अध्यक्ष रियाज अहमद अंसारी ने सभी सदस्यों से कहा कि आप सभी लोग मिलजुल कर काम करें ताकि नगर का विकास हो सके। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र प्रताप सिंह मौजूद थे।