गाजीपुर/खानपुर। जनपद में शुक्रवार को भी मुहम्मदाबाद और जमानिया तहसील क्षेत्र में जमकर बारिश हुई। बरसात होने की वजह से जलजमाव जारी है। यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बारिश के कारण खानपुर थाना क्षेत्र के दरबेपुर गांव में निर्माणाधीन कच्ची दीवार गिरने से 22 वर्षीय सोनी पुत्री घूरन राजभर ने जहां दम तोड़ दिया, वहीं मरम्मत कर रहे एक राजमिस्त्री समेत दो मजदूर मिट्टी के मलबे में दब कर जख्मी हो गए। मूसलाधार बारिश में कच्चे मकान की मरम्मत का काम दरबेपुर के जयप्रकाश राजभर शुक्रवार की सुबह करा रहे थे। राजमिस्त्री सूबेदार यादव के साथ दो मजदूर दरबेपुर गांव निवासी राहुल राम पुत्र राजेंद्र राम और ज्ञानू राम पुत्र नरेश राम मरम्मत के काम में लगे थे। बगल में खड़ी मिट्टी की एक कच्ची दीवार तेज आवाज के साथ जमीन पर गिर पड़ी। जिसके मलबे की चपेट में सोनी, सूबेदार, राहुल और ज्ञानू आ गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीण जब तक चारो को बाहर निकालते। मलबे में दबी सोनी का दम घुटने से मौत हो चुकी थी। युवती की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना ग्रामीणों ने प्रशासनिक अफसरों को दी। समाचार लिखे जाने तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था।