गाजीपुर। शहर के गोराबाजार स्थित सीएमओ कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कालेज के बन रहे 300 बेड के अस्पताल में ओपीडी का संचालन जुलाई माह से होने लगेगा। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भी तैनात की जाएगी। बेहतर चिकित्सकीय सुविधा मुहैया कराने की अपनी इस कार्ययोजना को अमली जामा पहनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयारी तेज कर दी गई है। इसके संचालित होने से जिले ही नहीं आस-पास के अन्य जिलों के लोगों को भी उपचार की सुविधा मिल सकेगी। कोरोना संक्रमण काल की पहली और दूसरी लहर से सबक लेकर जिला प्रशासन ने ठोस कदम उठाना शुरु कर दिया है। डीएम स्वयं चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए कार्ययोजना बनाकर उसे अमली जामा पहनाने का काम कर रहे हैं। ऐसे में सीएमओ कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन 300 बेड के अस्पताल को संचालित कराने को लेकर तैयारी शुरु कर दी गई है। निर्माणाधीन अस्पताल को जल्द पूर्ण करने के लिए जहां कार्यदायी संस्था की मिली प्रगति रिपोर्ट को लेकर जिलाधिकारी द्वारा समीक्षा की जा रही है। वहीं एक माह में भवन पूर्ण कराने को लेकर दिशा-निर्देश देने के साथ उनके द्वारा प्रतिदिन मानीटरिंग की जा रही है। ऐसे में जुलाई माह में ओपीडी संचालन होने से जिले की करीब 42 लाख के आस-पास की आबादी लाभान्वित होगी। जनपद से सटे अन्य जिलों को भी इस चिकित्सकीय सुविधा का लाभ मिल सकेगा।