यूसुफपुर रेलवे स्टेशन के बाहर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
मुहम्मदाबाद। यूसुफपुर रेलवे स्टेशन के हुए अतिक्रमणकारियों के खिलाफ शुक्रवार को रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इससे आसपास के दुकानदारों में अफरातफरी मच गई।
रेल कर्मी और रेलवे सुरक्षा बल के जवान बुल्डोजर के साथ दोपहर बाद यूसुफपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। इसके पूर्व आवंटन से अधिक जमीन कब्जा करने और आवंटित जमीन का किराया न जमा करने वाले आवंटियों के दुकान को पहले से ही चिन्हित करा लिया गया था।
टीम को देख कुछ लोगों ने अतिक्रमण स्वयं हटा लिया। इस दौरान पता चला कि कुछ लोगों को दुकान के लिए जमीन आवंटित की गई थी वह दुकान के पीछे काफी जमीन पर अतिक्रमण कर आवास बनाकर रह रहे थे। ऐसे अतिक्रमण को बुल्डोजर से ढहाकर साफ किया गया।
वहीं काफी दिनों से आवंटन का किराया बकाया रखने वालों का भी दुकान आदि को ढहाया गया। इस संबंध में सीनियर सेक्शन इंजीनियर बीपी सिंह ने बताया अभियान को लेकर आवंटियों और अवैध कब्जा करने वालों को अतिक्रमण हटा लिए जाने की सूचना दी गई थी। लेकिन उनकी ओर से किसी तरह का पहल न किए जाने पर आज अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। भविष्य में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर रेलवे के अधिकारियों के साथ ही बड़ी संख्या में आरपीएफ के जवान भी मौजूद रहे।