दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के छतमा निवासी युवक अरविंद राजभर ने डायल-112 पुलिस टीम के खिलाफ आनलाइन एफआईआर दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया कि शनिवार की देर शाम वह बाइक से अपने पड़ोसी सुनील के साथ अपने खेत पर पहुंचकर बेसहारा पशुओं के झुंड को खेत से भगा रहा था। बाइक गांव के ही प्राथमिक विद्यालय के पास खड़ी थी। इसी बीच पीछे से पहुंचे डायल-112 पुलिस टीम के सिपाहियों ने जबरदस्ती गाड़ी की चाभी ले लिया एवं 5000 की डिमांड करने लगे। नहीं देने पर गाड़ी को लावारिस दिखाकर सीज करने की धमकी दी। बार-बार यह कहने पर कि वह घर से खेत पशुओं को हांकने के लिए आया था, लेकिन डायल-112 पुलिस टीम नहीं मानी और उसकी गाड़ी लेकर चली गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि युवक वहां पर जुआ खेल रहे थे और पुलिस को देखकर फरार हो गए। पुलिस ने गाड़ी कब्जे में ले ली।