कासिमाबाद थाना के सिंगेरा-बेलसड़ी चट्टी पर चोरों ने शुक्रवार की रात दो आभूषण दुकान सहित एक साइकिल की दुकान से लाखों का सामान चोरी कर लिया। इस दौरान दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिया।
मरदह-कासिमाबाद थाना के बॉर्डर पर स्थित सिंगेरा-बेलसड़ी चट्टी पर रात्रि में चोरों ने सिंगेरा गांव निवासी मुकेश वर्मा की दुकान का शटर चांड़ कर घुस गए। इस दौरान दुकान में रखे आभूषण एवं नकदी चोरी के साथ ही लोहे की आलमारी उठा ले गए। चोरों ने दुकान में लगा सीसी टीवी कैमरा तोड़ दिया।
वहीं मरदह निवासी शैलेन्द्र वर्मा की आभूषण की दुकान का शटर गैस कटर से काटकर दुकान में दाखिल हुए। वहां भी अंदर एवं बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को चोरों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। दुकान के अंदर से सोने-चांदी का सामान समेट कर आलमारी गैस कटर से तोड़ने का प्रयास किया।
वहीं बगल में स्थित हरेंद्र राम की साइकिल की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने छह नई साइकिल समेत हजारों रुपये का सामान समेट लिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर दुकानों के मालिक चट्टी पर पहुंचे। सैकड़ों लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। कासिमाबाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित दुकानदारों ने चोरी की तहरीर कासिमाबाद थाने में दी है। कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी कमलेश पाल ने बताया कि जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।