सैदपुर कोतवाली के अलायचक के पास वाराणसी-गोरखपुर मार्ग पर क्रेन एवं स्कार्पियो की आमने-सामने टक्कर में एक की मौत हो गई। जबकि चालक सहित चार गंभीर रूप से घायल हो गए। सैदपुर सीएचसी के डॉक्टरों ने उन्हें उपचार के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिहार गया जनपद के खुड़वा थाना के आरी गांव निवासी रामप्रवेश यादव (52) बीमार रंजीत के इलाज के लिए अन्य लोगों के साथ मऊ जा रहा थे। अलायचक के पास क्रेन एवं स्कार्पियों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में रामप्रवेश, औरंगाबाद के गोहंदा थाना क्षेत्र के निवासी चालक दीपक, उजाला, पवन, योगिंद्र घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सैदपुर लाया।
वहां डॉक्टरों ने रामप्रवेश यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल चालक सहित चारों लोगों को वाराणसी रेफर कर दिया। इधर मृतक के परिजनों को पुलिस ने घटना की सूचना दी। देर शाम तक परिवार के लोग रोते- बिलखते सैदपुर थाने पहुंच गए। जहां पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाल विमलेश कुमार मौर्या ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।