जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शनिवार को ब्लाक क्षेत्र के चार विद्यालयों का निरीक्षण किया। बीएसए हेमंत राव ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय तिलवा के निरीक्षण के समय नामांकन 110 के सापेक्ष केवल 60 छात्रों की उपस्थिति पाई गई।
प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक हस्ताक्षर बनाकर अनुपस्थित थे। विद्यालय में काफी अव्यवस्था थी। दूरभाष पर वार्ता कर प्रधानाध्यापक को बुलाया गया। विद्यालय की किसी भी पंजिका को पूर्ण नहीं पाया गया। बीएसए ने सारी कमियों को दूर करने के निर्देश के साथ प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापक का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय नवली, प्राथमिक विद्यालय नवली प्रथम एवं नवली द्वितीय का निरीक्षण किया। वहां भी कम उपस्थिति को लेकर चेतावनी जारी कर कमियों को पूरा करने को कहा। प्राथमिक विद्यालय नवली प्रथम के मैदान में गंदगी देख विद्यालय के शिक्षकों के साथ मिलकर बीएसए ने मैदान की सफाई की।