ज्ञानपुर। होली पर शौकीन दो करोड़ 34 लाख की शराब गटक गए। शराब पीने वालों में सर्वाधिक संख्या देसी शराब के तलबगारों की रही। बीयर और अंग्रेजी से करीब ढाई से तीन गुना अधिक देशी शराब की बिक्री हुई। आबकारी विभाग को एक सप्ताह का राजस्व मात्र दो दिनों में ही मिल गया।
पीने वालों में होली पर होश में न रहने की जैसे होड़ सी लगी थी। दो दिन में भदोही में दो करोड़ 34 लाख की बीयर, अंग्रेजी और देसी शराब शौकीन पी गए। होली के दिन शराब की बिक्री पर प्रतिबंध था मगर तलबगारों ने पहले से ही इंतजाम कर रखा था। होली की हुड़दंग में शराब का रंग भी खूब जमा। न पीने वालों ने कमी और न पिलाने वालों ने कोताही बरती। 25 मार्च को शराब की दुकानें बंद थी लेकिन 23 और 24 को दुकानों पर काफी भीड़ रही। होली पर प्रीमियम ब्रांड की शराब भी खूब बिकी 3500 से पांच हजार रुपये कीमत वाली शराब की बोतलें भी जमकर खरीदी गईं। एक विशेष ब्रांड की 12 हजार कीमत वाली शराब की बोतलें भी खूब बिकीं। लोगों ने एक-दूसरे को शराब की बोतलें उपहार में दीं, यह चलन इस बार नया नजर आया।
कुछ दुकानदारों ने मांग का फायदा भी उठाया। शराब की अधिक कीमत वसूली। किसी ने आपत्ति दर्ज कराई तो दुकानों पर तैनात कर्मचारी त्योहारी कह कर मुस्कुरा देते। आबकारी विभाग के आंकड़ो पर गौर करें तो देशी शराब 65 हजार 634 लीटर, विदेशी शराब 12 हजार 422 और बीयर 14 हजार 623 लीटर बिक्री हुई। इससे दो करोड़ 34 लाख राजस्व प्राप्ति हुई। जिला आबकारी अधिकारी अरूण कुमार शुक्ला ने बताया कि 2023 की होली पर करीब दो करोड़ की शराब बिकी थी जबकि इस बार 2.34 करोड़ की बिक्री की गई। पिछले सालों के मुकाबले शराब के शौकीनों ने इस बार रिकार्ड तोड़ दिया।