जमानिया कोतवाली क्षेत्र के रघुनाथपुर बाड़ में बुधवार की देर शाम बाढ़ के पानी में डूबने से एक वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों के रोने- बिलखने से गांव के लोगों की भीड़ लग गई।
शिवपुर रघुनाथपुर बाड़ निवासी गंगा यादव (75) शाम में डेरा से गांव स्थित घर आ रहे थे। बाढ़ का पानी चारों ओर फैले होने के कारण एक पोखरी को पार करते समय डूब गए। काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो गये और खोजने के लिए निकल पड़े तो वह बाढ़ के पानी में गिरे हुए मिले। उन्हें बाहर निकालकर निजी चिकित्सालय ले गए। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस, कानूनगो और क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंच गये और आवश्यक कार्रवाई में जुट गये। विधायक प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने मौके पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मदद का भरोसा दिया। अतिरिक्त कोतवाली प्रभारी शिवप्रताप वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।