सेवराई। पंडित दीनदयाल उपाध्याय दानापुर रेलखंड के चौसा और पवनी कमरपुर हाल्ट के बीच ओएचई वायर टूटकर अपलाइन से गुजर रही ईएमयू पैसेंजर ट्रेन पर गिर गया। इससे करीब ढाई घंटे तक अप लाइन से रेल यातायात बाधित रहा।पंडित दीनदयाल उपाध्याय दानापुर रेलखंड के चौसा और पवनी कमरपुर हाल्ट स्टेशन के बीच आज सुबह करीब 11:30 बजे गुजर रही 3209 ईएमयू पैसेंजर ट्रेन पर अचानक ओएचई वायर टूटकर गिर गया। ओएचई वायर टूटने से लाइन से गुजर रही सभी ट्रेन जहां-तहां खड़ी हो गईं। छह से ज्यादा ट्रेनें स्टेशनों पर खड़ी रहीं। बक्सर और पीडीडीयू के बीच अपलाइन से रेल परिचालन पूरी तरह से ठप हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे रेल कर्मियों ने मरम्मत शुरू किया। मरम्मत पूरा होने पर दोपहर करीब 2:05 पर रेल परिचालन सुचारु कराया गया। इस बीच 12391 श्रमजीवी एक्सप्रेस बक्सर में, 12141 पाटलिपुत्र एक्सप्रेस वरुणा रेलवे स्टेशन पर, 3237 पटना कोटा एक्सप्रेस डुमराव में, 2792 दानापुर सिकंदराबाद एक्सप्रेस रघुनाथपुर में खड़ी रही। ढाई घंटे बाद रेल परिचालन बहाल किया गया।
सूचना पर रेल कर्मियों की टीम डाउन लाइन से घटना स्थल पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया। इससे डाउन लाइन पर भी ट्रेनों को विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर खड़ा किया गया था। रेल यात्रियों को इस दौरान बहुत परेशानियां उठानी पड़ी।
इस बाबत स्टेशन मास्टर जितेंद्र पासवान ने बताया कि पवनी करमपुर हाल्ट के पास ओएचई वायर टूटकर गिरा है। जिससे अप लाइन में करीब ढाई घंटे तक रेल परिचालन बाधित रहा। दो बजे पुनः रेल परिचालन सुचारू किया गया।