जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने नगर पंचायत कार्यालय दिलदारनगर एवं गो-आश्रय स्थल दिलदारनगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में साफ-सफाई एवं बेतरतीब बिखरी सामग्री मिली।
इसके अलावा कार्यालय में कोई कर्मचारी उपस्थित नहीं था । इतना ही नहीं सड़कों की साफ-सफाई नदारद थी और बजबजाती नालियां मिलीं। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत दिलदारनगर, टैक्स कलेक्टर दिलदारनगर तथा कार्यालय के समस्त कर्मचारियों का अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने का निर्देश दिया।
वहीं गो-आश्रय स्थल में निरीक्षण के दौरान भी साफ-सफाई एवं पशुओं के रख-रखाव सही ढंग से नहीं होने, चारा ,पानी और ठंड से बचाव के लिए किसी प्रकार उपलब्धता न होने के कारण पशुधन अधिकारी का वेतन रोकने का निर्देश दिया। मौके पर मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, उपजिलाधिकारी सेवराई एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।