एकमुश्त समाधान योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रदेश सरकार की ओर से विद्युत वितरण खंड तृतीय के लिए तैनात किए गए आब्जर्वर एवं वाराणसी के अधिशाषी अभियंता नियोजन शिवाजी सिंह ने निरीक्षण के दौरान वसूली में खराब प्रदर्शन करने पर तीन अवर अभियंताओं को कड़ी फटकार लगाई है। उन्होंने बताया कि पहाड़पुर विद्युत उपकेंद्र के जेई की विगत 15 दिनों में महज दो दिन कार्यालय में उपस्थिति पाई गई। बिजली बकाए की वसूली योजना में उनका प्रदर्शन बेहद लापरवाही भरा रहा है। इसके लिए उन्हें चेतावनी जारी कर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। जबकि नंदगंज खंड कार्यालय के अंतर्गत सिरगिथा विद्युत उपकेंद्र पर तैनात जेई और मैनपुर एवं सईतापट्टी उपकेंद्र पर तैनात जेई को उनके खराब प्रदर्शन के कारण अगले तीन कार्य दिवसों के दौरान स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। आब्जर्वर शिवाजी सिंह ने बताया कि इस बार विद्युत उपभोक्ताओं से बकाए की वसूली का शत-प्रतिशत लक्ष्य रखा गया है जिसे हर हाल में पूरा करना है।