जमानियां और मुहम्मदाबाद में शपथ ग्रहण के समय में भी संशोधन
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। जनपद में नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्षों के 27 मई को शपथ ग्रहण को लेकर समय में बदलाव किया गया है। जिसमें खासतौर पर नगर पालिका परिषद गाजीपुर, जमानियां और मुहम्मदाबाद में शपथ ग्रहण के समय सारणी में संशोधन हुआ है।
नगर पालिका गाजीपुर के निर्वाचित अध्यक्ष, सदस्य का शपथ ग्रहण स्थान गांधी पार्क आमघाट में 27 मई को शाम साढ़े छह बजे जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में होगा। नगर पंचायत जमानियां में शपथ ग्रहण रामलीला मैदान में 27 मई को शाम पांच बजे उपजिलाधिकारी जमानियां, नगर पंचायत मुहम्मदाबाद में शपथ कार्यालय जलकल नंबर एक मुहम्मदाबाद में 27 मई को शाम चार बजे उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद की अध्यक्षता में किया जाएगा।
इसी क्रम में नगर पंचायत सादात में नगर पंचायत कार्यालय के पास स्थित रिक्त स्थान पर 27 मई को दो बजे उपजिलाधिकारी जखनियां, नगर पंचायत सैदपुर का स्थान नगर पंचायत सैदपुर कार्यालय के प्रांगण में शाम को चार बजे उपजिलाधिकारी सैदपुर, नगर पंचायत दिलदारनगर का स्थान कुमार टाकीज दिलदारनगर में शाम चार बजे उपजिलाधिकारी सेवराई, नगर पंचायत जंगीपुर का मंडी समिति जंगीपुर में दो बजे उपजिलाधिकारी सदर एवं नगर पंचायत बहादुरगंज में नगर पंचायत कार्यालय के पीछे रिक्त स्थान पर 11 बजे उपजिलाधिकारी कासिमाबाद की अध्यक्षता में शपथ ग्रहण कराया जाएगा।
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने सभी संबंधित अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया है कि शपथ ग्रहण कार्यक्रम की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे एवं अपने स्तर से सम्बन्धित अध्यक्ष एवं सदस्य को शपथ ग्रहण के स्थान एवं समय की सूचना भी यथाविधि देंगे। संबंधित अधिशासी अधिकारी शपथ ग्रहण के बाद सम्बन्धित प्रपत्र पर अध्यक्ष व सदस्य के हस्ताक्षर कराकर कृत कार्यवाही की सूचना से अधोहस्ताक्षरी को अवगत कराएंगे।
000
शपथ ग्रहण समारोह में रविंद्र जायसवाल होंगे शामिल
गाजीपुर। भाजपा जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि नगर पालिका गाजीपुर और जमानियां में पार्टी की ओर से प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि अगर इन दोनों निकायों में शपथ के बाद समय मिलेगा तो सैदपुर में शपथ में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। अगर ऐसा नहीं हो पाएगा तो कोई न कोई पार्टी का पदाधिकारी अन्य निकायों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मौजूद रहेगा।