प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को इस माह में नि:शुल्क राशन ले जाने लिए बैग भी दिया जाएगा। इसके लिए जिले को करीब दस हजार बैग उपलब्ध करा दिए गए हैं। प्रत्येक लाभार्थी को बैग में राशन दिया जाएगा। इस बैग पर योजना के नाम के साथ ही प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की फोटो है। कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीब लाभार्थियों को होने वाली आर्थिक कठिनाइयों के मद्देनजर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत मुफ्त राशन मुहैया कराया जा रहा है। योजना के अंतर्गत अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी के कार्डधारकों को प्रति यूनिट पांच किग्रा खाद्यान्न वितरित किया जाता है। इसमें तीन किलो गेहूं एवं दो किलो चावल दिया जाता है। शासन की ओर से इस बार कार्डधारकों को खाद्यान्न के साथ उसे ले जाने के लिए बैग उपलब्ध कराया जा रहा है। इस बैग पर योजना के नाम के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर है। इसके पर्यवेक्षण के लिए जिलाधिकारी की तरफ से अपर जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिले में पात्र गृहस्थी के पांच लाख 79 हजार 923 तथा अंत्योदय के 59 हजार 537 कार्डधारक हैं। सभी सोलह विकासखंडों में कुल 1616 उचित दर विक्रेता हैं, जिनमें 84 नगरीय तथा 1532 ग्रामीण क्षेत्रों के कोटेदार हैं।