भदौरा–दिलदारनगर मुख्य मार्ग के निर्माण कार्यों की जांच करते पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता संतोष
सेवराई। तहसील क्षेत्र में भदौरा-दिलदारनगर मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का रविवार को लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार वैष्णवी ने निरीक्षण किया और निर्माण कार्य में अनियमितता देख कार्यदायी संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी किया तथा निर्देश दिया कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और मानक के अनुसार ही किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित संस्था के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने पूर्व में सड़क निर्माण में अनियमितता की शिकायत की थी। अधिशासी अभियंता ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सड़क पर डाली गई गिट्टियों की ऊंचाई मापी कराई गई और कई स्थानों पर सामग्री बिखरी मिलने पर नाराजगी जताई। साथ ही किसान नेता को आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जहां भी कमी मिलेगी, उसे तुरंत दुरुस्त कराया जाएगा।