मुहम्मदाबाद। नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद के अधिशासी अधिकारी ने सांसद अफजाल अंसारी सहित उनके परिवार के सदस्यों के नाम से नोटिस चस्पा करके उनके नाम की दुकानों का नक्शा प्रस्तुत करने को कहा है। अधिशासी अधिकारी ने विगत तीन अप्रैल को सांसद अफजाल अंसारी, सिबगतुल्लाह अंसारी, मुख्तार अंसारी, फहमीदा, फिरदौसिया, गौसिया एवं मंसूर अंसारी के नाम की नोटिस अंसारी कांपलेक्स की दीवार पर चस्पा करके कहा है कि आपके पिता के नाम नगरपालिका की गृह सूची में निम्नलिखित वर्ष में दुकान पक्का के दर्ज हैं। वर्ष 1975-76 में भवन संख्या 104 दुकान पक्का, वर्ष 1985 भवन संख्या 223 दुकान पक्का, वर्ष 1990-91 भवन संख्या 34 दुकान पक्का, वर्ष 1996-97 भवन संख्या 63 दुकान पक्का के नाम दर्ज है लेकिन संज्ञान में आया है कि उक्त मकान एवं दुकान का नक्शा स्वीकृत नहीं है। वर्ष 1975-76 की गृह सूची में जो मकान, दुकान पक्का दर्ज है उसका स्वीकृत नक्शा एवं उसके बाद जब-जब उस मकान-दुकान में निर्माण-संशोधन हुआ है उसके नक्शा स्वीकृति की प्रति तीन दिन के अंदर नगर पालिका कार्यालय में उपलब्ध कराएं। निर्धारित तीन दिन बीतने के बाद पुन: छह अप्रैल को अंतिम नोटिस जारी करते हुए अधिशासी अधिकारी ने कहा है कि तीन दिन के अंदर उपरोक्त नोटिस उल्लिखित मकान-दुकान का स्वीकृत नक्शा प्रति उपलब्ध कराएं। अन्यथा यह मान लिया जाएगा कि आप को इस संबंध में कुछ नहीं कहना है। साथ ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि आप के द्वारा निर्माण के समय नगरपालिका से नक्शा स्वीकृत न कराकर नगर पालिका शुल्क की क्षति की गई है जिसके आरोप में एक पक्षिय कार्रवाई की जाएगी।