नगर पालिका परिषद के चुनाव में जहां बहुजन समाज पार्टी की तरफ से किसी भी प्रत्याशी द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किया गया है वहीं भाजपा और सपा में एक-एक बागी के नामांकन कर देने से पार्टियों के सामने समस्या पैदा हो गई है। भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी संदीप गुप्ता के साथ नामांकन दाखिल करने के समय भाजपा कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में तहसील गेट तक गए। इस मौके पर विधान परिषद सदस्य निर्मला सोनकर, सरोज कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष विजयशंकर राय, सुनील सिंह, पीयूष राय, ब्लाक प्रमुख अवधेश राय, जिला मंत्री रविंद्रनाथ राय, जिला पंचायत सदस्य अनिल राय, नगर अध्यक्ष ओपी गिरी आदि शामिल थे। भाजपा के टिकट के अन्य दावेदार तेजबहादुर यादव ने भी टिकट नहीं मिलने पर बागी प्रत्याशी के रूप में निर्दल नामांकन दाखिल किया है। तेजबहादुर के साथ में भाजपा के कई नामचीन चेहरे साथ थे। दूसरी तरफ सपा के बागी के रूप में निर्वतमान चेयरमैन शमीम अहमद ने निर्दल प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर पार्टी की परेशानी बढ़ा दी है। भाजपा और सपा में बागियों के मैदान में आ जाने से दोनों ही पार्टियों के नेता परेशान हैं और बागियों को समझा-बुझाकर नाम वापस कराने के प्रयास में लगे हैं।