भांवरकोल। ब्लाक परिसर में नामांकन के दूूसरे दिन रविवार को पूर्व ब्लाक प्रमुख शारदानंद राय उर्फ लुटुर राय के साथ कुछ लोगों द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। भांवरकोल ब्लाक परिसर में शारदानंद राय क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए अपने परिवार की सदस्य एवं पूर्व ब्लाक प्रमुख रतन राय के साथ नामांकन पत्र जमा करने जा रहे थे तो कुछ लोगों ने उनका नामांकन पत्र फाड़ दिया तथा उनके साथ दुर्व्यवहार किया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में लुटुर राय तथा रतन राय ने नामांकन पत्र दाखिल किया। पूर्व ब्लाक प्रमुख लुटुर राय ने कहा कि ब्लॉक परिसर में उनके साथ मारपीट की कोशिश की गई और उनके ऊपर कुर्सी फेंकी गई। इस घटना के बाद नामांकन स्थल पर अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलने पर एसडीएम राजेश कुमार गुप्ता और क्षेत्राधिकारी राजीव द्विवेदी मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामले को शांत करा कर लुटुर राय एवं रतन राय के नामांकन की कार्रवाई पूर्ण कराया। लुटुर राय ने क्षेत्र पंचायत सदस्य कनुवान द्वितीय और रतन राय ने कनुवान प्रथम से पर्चा भरा है। नामांकन के समय ही इस तरह की घटना से पूरे क्षेत्र में चर्चा है। जनपद मुख्यालय पर सूचना पहुंचने के बाद एडीएम राजेश कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राजधारी चौरसिया ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी प्राप्त की। पूर्व ब्लाक प्रमुख शारदानंद राय तथा रतन राय ने दो दर्जन अज्ञात लोगों के विरुद्ध एसपी ग्रामीण को तहरीर दी है। उपजिलाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि दोनों पक्ष में कुछ बात को लेकर विवाद हुआ था, लेकिन मामला शांत कराकर पर्चा दाखिला करा दिया गया।