सैदपुर थाना क्षेत्र के सियांवा गांव के बाहर सड़क किनारे बैठे ट्रैक्टर मालिक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने बुधवार को चार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया। मृतक की मां की तहरीर पर कार्रवाई करने के बाद पुलिस आरोपियों को दबोचने के लिए लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इधर पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में मातम पसरा गया। देर शाम गांव के ही कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। भिखईपुर गांव निवासी अकरम (23) का चालक ट्रैक्टर करीब एक किमी दूर सियांव गांव किसी का खेत जोतने गया था। अकरम सड़क पर बैठा था, जबकि चालक खेत की जोताई कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने अकरम पर फायरिंग झोंककर मौत के घाट उतार दिया। मृतका की मां फरजाना ने पुरानी रंजीश का हवाला देते हुए विशुनपुरा गांव के गुलशन, निरंजन, संतोष एवं शैलेंद्र यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। इधर पुलिस मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों को दबोचने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ करीब आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुट गई है। मृतक तीन भाईयों में दूसरे नंबर का था। बड़े भाई असलम की दो वर्ष पूर्व ही मौत हो चुकी है और वर्ष पूर्व मृतक के पिता सैर्फुद्दीन का भी निधन हो चुका है। छोटा भाई फैजल पढ़ाई करता है। ऐसे में परिवार का पालन-पोषण मृतक द्वारा ही किया जाता था। इधर देर शाम शव गांव पहुंचते ही परिवार के सदस्य दहाड़े मारकर रोने-बिलखने लगे। मां फरजाना के रोने से वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो जा रही थी। ग्रामीण किसी तरह सात्वंना देकर उन्हें शांत कराने में लगे थे। इस संबंध में सीओ सैदपुर बलराम ने बताया कि टीम हत्यारोपियों के काफी करीब है। जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा।