भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कोई मतदाता न छूटे अभियान तथा विधानसभा निर्वाचन नामावली में पंजीकरण से छूटे हुए एवं प्रथम बार युवा मतदाताओं के नाम सम्मिलित किए जाने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में विशेष कैंप आयोजित किया गया l जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने विधानसभा सदर के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय विशेश्वरगंज के बूथ संख्या 251, 252, 253 एवं कन्या प्राथमिक विद्यालय हेतिमपुर के बूथ संख्या 193,194 का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित कार्मिकों से फॉर्म-6 के आवेदन के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि ज्यादा से ज्यादा महिला मतदाताओं तथा युवाओं के पंजीकरण को प्राथमिकता दिया जाए। इस दौरान उन्होंने अनुपस्थित बीएलओ जयहरि के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए एसडीएम सदर विनोद जोशी को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में कोई भी पात्र मतदाता विशेषकर युवा/प्रथम बार मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे।