मरदह। सिगेंरा गांव से गुजर रहे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सर्विस मार्ग पर शनिवार को नवजात बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को दफनवाया। गांव के दक्षिण तरफ सिवान से गुजर रहे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे सर्विस मार्ग पर ग्रामीण सुबह में टहल रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक क्षत-विक्षत नवजात बच्ची के शव पर पड़ी। इधर शव मिलने की जानकारी होते ही लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने छानबीन के दौरान पाया कि बीते एक अक्तूबर को गांव के एक व्यक्ति की पत्नी का प्रसव हुआ था। नवजात की किसी बीमारी से मौत हो गई थी। परिजनों ने उसे श्मशान न ले जाकर गांव के बाहर दफना दिया था। किसी जंगली जानवर ने शव को मिट्टी से बाहर निकाल कर क्षत-विक्षत कर दिया था। थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों को बुलाकर फिर से शव को दफनवाया गया।