गाजीपुर। पुलिस लाइन स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के कक्षा-नौ की पार्श्व प्रवेश परीक्षा बुधवार को महात्मा ज्योति राव फूले पब्लिक स्कूल में होगी। इसमें 1008 छात्र-छात्राएं बैठेंगे। परीक्षा की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। जवाहर नवोदय विद्यालय में हर वर्ष कक्षा-छह में दाखिले के साथ ही कक्षा-नौ की पार्श्व प्रवेश परीक्षा भी कराई जाती है। इस परीक्षा में जिले के 1008 छात्र-छात्राएं बैठेंगे। नगरीय क्षेत्र के 86 बालक एवं 39 बालिकाएं तथा ग्रामीण क्षेत्र के 686 बालक एवं 197 बालिकाएं परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। परीक्षा दिन में सवा 11 से 1.45 बजे तक होगी। जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य डा. इकरामुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि पांच सीट के लिए होने वाली कक्षा-नौ की पार्श्व प्रवेश परीक्षा कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करते हुए कराई जाएगी। चार केंद्र स्तरीय पर्यवेक्षकों के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सुरक्षा के उचित प्रबंध किए गए हैं। जबकि कक्षा-छह की प्रवेश परीक्षा 10 अप्रैल को जिले के आठ केंद्रों पर होगी। एक पाली में आयोजित इस परीक्षा के लिए जिले के विभिन्न विकासखंडों के 4767 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।