ईद, अक्षय तृतीया एवं परशुराम जयंती को लेकर बृहस्पतिवार को रायफल क्लब में अधिकारियों की बैठक हुई। इस मौके पर डीएम आर्यका अखौरी ने नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत ईओ के साथ ही जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया कि ईदगाह पर आने -जाने के लिए रास्तों की साफ-सफाई हर-हाल में सुनिश्चित करा ली जाए। कहा कि ईदगाह के आसपास पोस्टर बैनर नहीं लगे होने चाहिए। अगर कोई भी व्यक्ति बैनर एवं पोस्टर लगाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। एसपी ओमवीर सिंह ने कहा कि जनपद के 550 स्थानों पर अलविदा और ईद की नमाज पढ़ी जाएगी। सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर ईद की नमाज नहीं पढ़ी जाएगी। डीएम ने कहा कि जहां नमाज पढ़ी जाएगी, वहां पशु न आने पाए। पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया गया कि आखिरी अलविदा की नमाज एवं ईद के त्योहार के दृष्टिगत बीते दिनों पीस कमेटी की बैठक में जिन बातों को लेकर चर्चा की गईथी, उन बातों का पालन सुनिश्चित किया जाए। अलविदा की नमाज दोपहर 1.30 बजे पढ़ी जाएगी एवं ईद की नमाज सुबह पढ़ी जाएगी। वर्तमान समय में नगर निकाय चुनाव के दृष्टिगत संवेदनशील स्थलों पर पुलिस प्रशासन द्वारा सर्तक दृष्टि रखी जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी नई परंमपरा की शुरूआत न होने पाए। नमाज मस्जिद के अंदर ही पढ़ी जाए।जनपद मे धारा 144 लगा हुआ है। शहरी क्षेत्र में नगर निकाय एवं ग्रामीण क्षेत्र में जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा त्योहार के दृष्टिगत साफ-सफाई विशेष रूप से कराये जाने के लिए निर्देशित किया गया। साथ ही पानी का टैंकर, चूना का छिड़काव के लिए भी निर्देश दिया गया। इस मौके पर सीडीओ संतोष वैश्य, एडीएम एके सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।