थाना क्षेत्र के गांव के बलुआ तपेशाहपुर स्थित अमलाख मौजा स्थित डेरे पर सो रहे एक व्यक्ति की मंगलवार की रात धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गई। सुबह घटना की जानकारी होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तहरी पर गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। धर्मपुरा गांव निवासी रविंद्र गौड़ (58) करीब आठ वर्षों से बीरपुर गांव निवासी बंगा उपाध्याय के डेरे पर रहकर खेती-बाड़ी करते थे। प्रतिदिन की तरह वह खान खाकर डेरे पर सो रहे थे। दूसरे दिन सुबह जब कुछ महिलाएं गेहूं की कटाई के लिए पहुंची तो रविंद्र गौड़ चारपाई पर मृत पड़े थे। महिलाओं का शोरगुल सुनकर ग्रामीण जुट गए। परिवार के लोग भी घटना स्थल पहुंचे और शव देखकर बिलखने लगे। प्रत्यदर्शियों के मुताबिक, रविंद्र के गले और आस-पास धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान थे। उनके पुत्र मनोज गौड़ ने गांव के हरिनाथ यादव के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी रविंद्र के साथ ही डेरे पर रहता था। कुछ दिन पूर्व किसी बात तो लेकर रविंद्र ने उसे भगा दिया था। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि रविंद्र के पुत्र मनोज की तहरीर पर हरिनाथ यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज हत्या की सूचना पर एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी घटना स्थल पर पहुंचे और निरीक्षण कर ग्रामीणों एवं परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने थाना प्रभारी निरीक्षक को आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया।