मधूमालपुर उर्फ मदनपुरा गांव में युवक की हत्या के बाद मौके पर पहुंच पुछताछ करतें पुलिस अधीक्षक डॉ
- फोटो : GHAZIPUR
जमानिया। हैदराबाद से तीन माह पहले घर आए युवक की सोमवार रात धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह उसका शव मदनपुरा गांव के समीप खेत में मिला। युवक के सिर एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गहरे जख्म के निशान थे। घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण एवं परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई। मधूमालपुर उर्फ मदनपुरा गांव निवासी राकेश गुप्ता (30) हैदराबाद में एक निजी कंपनी में वेल्डिंग का काम करता था और तीन माह पहले वह घर आया था। इसके बाद से वह यहीं पर रह रहा था। उसके पिता लक्ष्मी गुप्ता, मां रामरती देवी और बड़ा भाई डब्लू धनबाद में रहते हैं। यहां चाचा का परिवार रहता है। सोमवार देर शाम घर से किसी काम के लिए निकला था। फिर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की पर कुछ पता नहीं चला। मंगलवार दिन में 11 बजे गांव के कुछ लोगों ने अरहर के खेत में उसका शव पड़ा देखा। खबर मिलते ही परिवारवाले और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। युवक की शादी पांच साल पहले सोनी से हुई थी। उसकी तीन साल की बेटी राही भी है। मृत युवक के माता-पिता को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह ने भी मौका मुआयना कर परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की। उन्होंने बताया कि धारदार हथियार से युवक की हत्या की गई है। पुलिस तहकीकात कर रही है। जल्द ही हत्या का खुलासा कर लिया जाएगा।