ोनहरा थाना क्षेत्र के फतेहपुर आटवा में एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या के बाद रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। नोनहरा थाना क्षेत्र के फत्तेहपुर अटवा गांव में करकट लौटाने के विवाद में शुक्रवार को युवक की चाकू मारकर पड़ोसी ने हत्या कर दी और फरार हो गया। सूचना पर एसपी मयफाूेर्स मौके पर पहुंचे और वारदात की जानकारी हासिल कर अधीनस्थों को हमलावार की गिरफ्तारी का आदेश दिया। उधर, पुलिस मामले में 12 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस मुकदमा कर तफ्तीश में जुट गई है। इलाके के फतेहपुर अटवा निवासी राशिद खान (25) और पड़ोसी शहबाज खान के बीच पहले सीमेंटेड शेड (करकट) के टूटने का झगड़ा दो साल से चल रहा था। राशिद के घर वालों का कहना है कि शहबाज खान के घर में दो साल पहले शादी थी। उसी बीच ईंट गिरने से सीमेंटेड शेड टूट गया था। तब पंचायत हुई थी और शहबाज के परिवार ने दंड स्वरूप पैसा देने की बात कही थी। लेकिन वह दे नहीं रहा था। इसे लेकर आए दिन तू-तू मैं-मैं होती रहती थी। बृहस्पतिवार की रात शहबाज खान ने टूटे सीमेंटेड शेड को उनके दरवाजे पर रख दिया और पैसा देने से इंकार कर दिया। इसे लेेकर कहासुनी मारपीट में बदल गई। किसी तरह लोगों के समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद दोनों परिवार के लोग सो गए। दूसरे दिन सुबह शहाबाज खान और राशिद के बीच कहासुनी होने लगी। इसी बीच राशिद की ताबड़तोड़ चाकू से प्रहार कर हत्या कर दी गई। परिजन उसे स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, हत्या की खबर मिलते ही पुलिस कप्तान डा. ओमप्रकाश सिंह मयफोर्स मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।मृतक के परिजनों की तहरीर पर हत्यारोपी चचेरे भाई सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसपी ने कहा कि मृतक एवं शहबाज खान के बीच सीमेंटेड शेड के तोड़ने को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी। दोनों पक्षों में बृहस्पतिवार की रात मारपीट हुई थी। दूसरे दिन इसी बात को लेकर दोनों पक्ष भिड़ गए थे, जिसमें राशिद की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है।