आईएस 191 गैंग के लीडर मुख्तार अंसारी और उनसे जुड़े लोगों के खिलाफ प्रशासन लगातार कार्रवाई करने में जुटा हुआ है। अवैध निर्माणों को ध्वस्त कराने के साथ ही संपत्तियों को कुर्क किया जा रहा है। सोमवार को गैंग के सदस्य भीम सिंह की नगर कोतवाली क्षेत्र के बबेड़ी स्थित तीन बिस्वा भूमि और लखनऊ स्थित एक प्लॉट एवं फ्लैट को कुर्क किया गया। इन तीनों संपत्तियों का वर्तमान समय में बाजार मूल्य चार करोड़ रुपये हैं।
एसपी रोहन पी बोत्रे ने संगठित अपराध को अंजाम देने वाले गैंग सरगना और उसके सदस्यों, गैंगेस्टर के वांछितों और शातिर अपराधियों द्वारा अर्जित अवैध संपत्तियों को कुर्क करना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी बीते 29 जुलाई को धारा 14 (1) उत्तर प्रदेश गिरोह बंध एवं समाज विरोधी अधिनियम 1986 विरुद्ध आरोपी करंडा थाना क्षेत्र के रामनाथपुर निवासी भीम सिंह द्वारा अवैध ढंग से अर्जित की गई भू-संपत्ति, जिसकी मालयत राजस्व विभाग द्वारा 30.48 लाख रुपये है और वर्तमान बाजार मूल्य करीब एक करोड़ दस लाख रुपये हैं को मुनादी कराकर कुर्क कर लिया गया। इसके अलावा गाजीपुर पुलिस की दो टीमों द्वारा लखनऊ स्थित एक प्लाट और एक फ्लैट जिसकी अनुमानित कीमत 2.65 करोड़ रुपये को कुर्क कर लिया गया। दोनों को मिलाकर अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ रुपये की अचल संपत्ति को कुर्क किया गया। इस मौके पर एसपी रोहन पी बोत्रे, एसपी सिटी गोपीनाथ सोनी, सदर एसडीएम प्रतिभा मिश्रा, सीओ सिटी गौरव कुमार, तहसीलदार अभिषेक राय, नगर कोतवाल विमलेश मौर्या, करंडा थानाध्यक्ष संपूर्णानंद राय, एसओजी प्रभारी रामाश्रय राय आदि मौजूद रहे।
गैंगेस्टर के मुकदमे लगातार पंजीकृत किए जा रहे हैं। मुख्तार अंसारी और उसके गैंग के सदस्यों के खिलाफ लगातार कार्रवाई चल रही है। इस गिरोह के सदस्य भीम सिंह के खिलाफ 14 (1) के तहत कुर्की की कार्रवाई की गई है। कुल चार करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई है। यह कार्रवाई गाजीपुर और लखनऊ में हुई है। इसी तरह की अन्य कार्रवाई इस गिरोह सदस्यों के खिलाफ भी की जाएगी। - रोहन पी बोत्रे, एसपी गाजीपुर।