दिलदारनगर। क्षेत्र के अमौरा गांव स्थित बाबा कीनाराम फुटबॉल मैदान पर रविवार को नव जागरण स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांचक फाइनल में मुगलसराय की टीम ने बक्सर को 1-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच के शुरुआती मिनटों से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। तेज पासिंग और मजबूत रक्षा पंक्ति के चलते पहला हाफ गोलरहित रहा। दर्शकों की उत्सुकता मध्यांतर तक बनी रही। दूसरे हाफ में मुगलसराय की टीम ने लगातार दबाव बनाए रखा। मैच के 81वें मिनट में शानदार गोल दागकर टीम ने 1-0 की बढ़त बना ली, जो अंत तक कायम रही। बक्सर की टीम ने बराबरी की भरपूर कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। मुख्य अतिथि समाजसेवी रंगनाथ सिंह ने विजेता मुगलसराय टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। मैच में अमरेंद्र सिंह ने निर्णायक (रेफरी) की भूमिका निभाई, जबकि प्रिंस सिंह ने कमेंट्री कर मैच को रोचक बनाया।