गाजीपुर। सपा सांसद अफजाल अंसारी के विवादित बयान पर शनिवार को भाजपा नेता पीयूष राय ने पलटवार किया है। पूर्व विधायक कृष्णानंद राय के बेटे पीयूष राय ने कहा कि सांसद का बयान समाज को विखंडित करने वाला है। सनातन धर्म का संस्कार नहीं है कि किसी धर्म पर गलत टिप्पणी करें। हम बोलने पर आ जाएंगे तो इनको मिर्ची लग जाएगी। कहा कि सनातनी हिंदुओं को विवश न समझा जाए। हिंदुओं के एक हाथ में वेद शास्त्र है,तो दूसरे हाथ में शस्त्र भी है।
अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए पीयूष राय ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि एक हाथ में वेद है तो दूसरे हाथ में शस्त्र है। दाहिने हाथ में शस्त्र उठा तो काफी समस्या खड़ी हो जाएगी। माथे पर तिलक, गले की माला, जनेऊ और कलावा पर टिप्पणी न करें। हम सनातन धर्म संस्कार के कारण किसी धर्म विशेष पर विश्लेषण नहीं करते। उन्होंने मनीषियों, धर्माचार्यों, सांस्कृतिक कार्यों पर टिप्पणी न करने की नसीहत दी। उनका कहना है कि जनता से चुने गए जन प्रतिनिधि को धर्म विशेष पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। चेताया कि सांसद का वक्तव्य बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। ऐसे बयान से समाज में विखंडन उत्पन्न होता है। भाजपा नेता ने हिंदू धर्म पर टिप्पणी करने से बचने की सलाह दी। कहा कि कम से कम उम्र का लिहाज करें और जनता की सेवा करने की नसीहत देते हुए पांच वर्ष में किए गए कार्यों का बखान करें।