शहर स्थित एक पैलेस में सेंटर आफ इंडियन ट्रेड यूनियंस के आयोजित कार्यक्रम में बोलते जेएस मजूमदार?
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस के दो दिवसीय 15वें प्रदेश सम्मेलन में रविवार को वक्ताओं ने कहा कि संगठन मजदूर हितों के लिए आंदोलन लगातार चलाते रहेंगे। सरकार मजदूरों को दमन नहीं कर सकती। संगठन हक की लड़ाई लड़ता है और हमेशा लड़ता रहेगा। ट्रेड यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जेएस मजूमदार ने कहा कि आपको याद होगा कि कैसे कोरोना काल में सरकार ने किसान बिल और श्रम बिल और कानूनी अधिकारों को रातों रात खत्म कर दिया था। लेकिन किसानों के ऐतिहासिक आंदोलन से वह पीछे हट गई। लेकिन अभी सरकार हमारे आंदोलनों और एकजुटता से इसे लागू नही कर पाई है। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की सीमा कटियार ने संगठित और असंगठित महिला कर्मचारियों और महिला श्रमिकों की समस्याओं को रखते हुए अग्रिम आंदोलनों में भागीदारी करने की अपील की। सीटू के राष्ट्रीय सचिव एआर सिंधु ने बताया की पिछले तीस वर्षों से मजदूर सड़क पर आंदोलनरत है और आने वाले समय मे मजदूर और किसानो के संयुक्त आंदोलन से ही देश मे आम जनता के जनवादी अधिकारों का भविष्य तय होगा। इस दौरान अम्बिका प्रसाद दुबे, मानवेंद्र सिंह, एसपीगिरी, अनंत सिंह, विश्वानन्द तिवारी, अरविंद तिवारी ने भी विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रवि मिश्रा और संचालन आरएम राय ने किया।