गाजीपुर। लोकसभा चुनाव का बिगुल बजते ही जिला और पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। आदर्श आचार संहिता का पालन कराने के साथ मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। परदेशी वोटरों को घर बुलाने के लिए उनके मोबाइल नंबर जुटाए जा रहे हैं। इसके बाद उन्हें मैसेज भेजे जाएंगे। वहीं, आधी आबादी की भागीदारी बढ़ाने के लिए बूथों पर सास-बहू चौपाल का आयोजन करने का निर्णय लिया गया है। इसकी जिम्मेदारी आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी के मुताबिक वोटरों को जागरूक करने और चुनाव में उनकी भागदारी बढ़ाने के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे। स्टीकर लगा रसोई गैस सिलेंडर घर-घर पहुंचेगा। युवा मतदाताओं के लिए प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। वहीं, आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता और एएनएम सास-बहू चौपाल का आयोजन करेेंगी। महिला मतदाताओं को चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए जागरूक करेंगी। यहीं वोटरों को प्रेरित करने के लिए घर-घर जिलाधिकारी पत्र भी पहुंचेगा।