मुहम्मदाबाद। प्रदेश की पॉलिटेक्निक संस्थाओं में दाखिले के लिए आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा में जनपद के मोहित वर्मा ने प्रदेश में टॉप किया है। उसे ग्रूप बी वर्ग में सर्वोच्च स्थान मिला है। इनके पॉलिटेक्निक में चयन होने के बाद परिवार तथा नगर में हर्ष व्याप्त है। सोमवार की शाम यूपी पॉलिटेक्निक संयुक्त प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट घोषित हुआ। इसमें जनपद के मुहम्मदाबाद स्थित शैव टोला के वार्ड नंबर 17 के मोहित कुमार वर्मा ने जिले का मान बढ़ाया। सूचना मिलते ही परिवार मे खुशी की लहर छा गई। मोहित का मुंह मीठा कराकर परिवार के लोगों ने खुशी का इजहार किया। मोहित वर्मा गरीब परिवार के है उनके पिता विनित कुमार सोनी नगर के चौक मुहल्ले मे छोटी सी दुकान में इलेक्ट्रिक सामानों की रिपेयरिंग करते है। मां माया देवी घरेलू महिला है। वह दो भाई और एक बहन हैं। मोहित की बहन नौवीं की छात्रा है जबकि छोटा भाई अंकुर वर्मा छठवीं कक्षा में पढ़ता है। मोहित वर्मा ने नर्सरी से 8 वीं तक आइडिया पब्लिक स्कूल से पढ़ाई की। एमजेआरपी स्कूल तिवारीपुर से 94 प्रतिशत अंक हासिल कर हाईस्कूल पास किया। इस वर्ष सीबीएसई बोर्ड से इंटरमीडिएट की परीक्षा दी। इसका परिणाम आना है। मोहित ने बताया कि वह लगातार इस परीक्षा के लिए लगे रहा। प्रतिदिन 8 से 10 घंटे पढ़ाई की। इस परीक्षा परिणाम का सारा श्रेय माता और पिता को है। उन्होंने कहा कि आगे तैयारी कर आईएएस बनना है।