गाजीपुर। आने वाले दिनों में नगर के कारगिल मार्केट स्थित जलकल विभाग के परिसर पालिका का नया व आधुनिक सुविधाओं से लैस भवन होगा। साथ ही शहर के बंशी बाजार को फूड स्ट्रीट हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इसकी कवायद नगर पालिका की ओर से शुरू कर दी गई है। जल्द ही प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत शासन की ओर से नगरीय निकायों से विकास से संबंधित प्रस्ताव मांगा गया है। इसी क्रम में नगर पालिका प्रशासन की ओर से शासन को तीन प्रस्ताव बनाकर भेजने की तैयारी की गई है। इसमें नगर पालिका का नया व आधुनिक भवन, फूड स्ट्रीट हब व महिलाओं के लिए हॉस्टल निर्माण का प्रस्ताव शामिल है। नगर पालिका की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। नगर पालिका के नये भवन व महिला हाॅस्टल का डीपीआर बनाया जा रहा है। महिला हाॅस्टल भी जलकल परिसर में बनेगा। चूंकि जलकल परिसर खुद नगर पालिका की जमीन है तो ऐसे में इन प्रोजेक्ट के लिए अन्यत्र भूखंड ढूंढने की जरूरत भी नहीं है।
महुआबाग को टक्कर देगा कारगिल मार्केट : भविष्य में जलकल परिसर में दो अहम प्रोजेक्ट जमीन पर मूर्त रूप लेने जा रहे हैं। ऐसे में कारगिल मार्केट गहमागहमी व व्यावसायिक दृष्टिकोण से महुआबाग को टक्कर देता हुआ दिखाई देगा। व्यावसायिक गतिविधियों व खरीदारी के लिहाज से महुआबाग को नगर का हृदय स्थल कहा जाता है, लेकिन बगल स्थित कारगिल मार्केट में वैसी रौनक देखने को नहीं मिलती है। लेकिन, दो अहम प्रोजेक्ट आने के बाद यह क्षेत्र भी व्यावसायिक हब बनने जा रहा है। विशेष बात यह भी है कि कारगिल मार्केट की सड़क महुआबाग की अपेक्षा चौड़ी है।
कनॉट प्लेस बनेगा बंशी बाजार : सिंचाई विभाग चौराहे पर शाम को रौनक देखने को मिलती है। सड़क के दोनों तरफ पटियों पर सजी फूड स्टाॅल, फल, जूस, चाट की दुकानों पर काफी भीड़ रहती है। लोग सपरिवार फुर्सत के पल में विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का लुत्फ उठाते हैं। इसलिए इसको शहर का दिल्ली का कनॉट प्लेस भी कहा जाता है। लेकिन, आने वाले दिनों में बंशी बाजार इस तगमे को छीनने जा रहा है, क्याेंकि वहां पर और भी सुव्यवस्थित तरीके से विभिन्न प्रकार के फूड स्टॉल का हब बनाया जाएगा।
तीसरी बार होगा नगर पालिका का स्थानांतरण : नगर पालिका का कार्यालय सबसे पहले टाउनहाल पर था। 25 वर्षों से लंबे समय तक यहां पर नगर पालिका का कार्यालय रहा। इसके बाद नगर पालिका कार्यालय का स्थानांतरण कचहरी के पास कर दिया गया। यहां पर भी लगभग 15 वर्षों से कार्यालय संचालित हो रहा है। अब जलकल परिसर में नगर पालिका का नया भवन नये सिरे से बनाने की कवायद शुरू हो गई है। वहीं नगर पालिका प्रशासन लंबे समय से जलकल परिसर में नगर पालिका कार्यालय के स्थानांतरण करने की योजना बना रहा था, लेकिन किन्हीं कारणों से यह योजना मूर्त रूप नहीं ले पा रही थी।
मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत नगर पालिका का कार्यालय, महिला हॉस्टल व फूड स्ट्रीट हब का प्रस्ताव बनाया जा रहा है। इसको जल्द ही शासन को भेज दिया जाएगा।-अमिता वरुण, ईओ नगर पालिका