जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से करीब एक सप्ताह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता दो किशोरियों को मंगलवार को बरामद कर लिया गया। पुलिस टीम ने एक किशोरी को हरियाणा तो दूसरे को तेतरिया मोड़ से बरामद किया। साथ ही उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। इधर एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर चालान कर दिया, जबकि दूसरे युवक की तलाश शुरू कर दी।
भांवरकोल संवाददाता के अनुसार एक गांव की किशोरी 29 सितंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। इधर सुबह पुलिस टीम उपनिरीक्षक रवि प्रकाश के नेतृत्व में क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने तेतरिया मोड़ के पास से किशोरी को बरामद करने के साथ आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया। जबकि किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। लठ्ठूडीह संवाददाता के अनुसार बीते 30 सितंबर को एक गांव की किशोरी को बहला - फुसलाकर एक युवक भगा ले गया था। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर पुलिस छानबीन में जुटी हुई थी। पुलिस को दोनों की लोकेशन हरियाणा के जमुना नगर में मिली। पुलिस टीम ने उन्हें जमुना नगर से बरामद किया, जबकि नामजद आरोपी मौके से फरार हो गया। एसआई सुरेश मौर्य ने बताया कि जल्द ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।