अतिक्रमण हटवाने गए टीम से दुर्व्यवहार, छह हिरासत में
संवाद न्यूज एजेंसी
कासिमाबाद। कोतवाली क्षेत्र के भगवल गांव में शनिवार को बंजर की भूमि से अतिक्रमण हटवा रही राजस्व और पुलिस टीम के साथ अतिक्रमणकारियों ने दुर्व्यवहार करने के साथ बाधा उत्पन्न करना शुरू कर दिया। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को हिरासत लेकर कोतवाली आई और विधिक कार्रवाई में जुट गई।
कोतवाल शिव प्रताप वर्मा ने बताया कि गांव निवासी अधिवक्ता आनंद कुमार ने बीते थाने दिवस पर प्रार्थना पत्र दिया था कि बंजर की भूमि पर अतिक्रमणकारियों द्वारा कब्जा कर लिया गया है। इस दौरान अतिक्रमणकारियों ने बंजर की जमीन से अवैध कब्जा हटा लेने की बात स्वीकार की थी।
शनिवार को थाना दिवस पर पुन: प्रार्थना- पत्र आया कि बंजर भूमि पर अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। इस पर एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार अनुराग यादव के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस टीम गांव पहुंची और अतिक्रमण हटाने लगी।
इस दौरान अतिक्रमणकारियों की ओर से टीम के साथ दुर्व्यवहार और कार्य में बाधा उत्पन्न किया जाने लगा। हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।