सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर तथा राष्ट्रीय प्रवक्ता पीयूष मिश्रा ने बीते सोमवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात की। इस दौरान अतरौलिया विधानसभा और जनपद आजमगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने सहित विभिन्न जनहित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर ने बताया कि अतरौलिया स्थित 100 शय्या अस्पताल को और अधिक सुविधाओं से सुसज्जित करने, अहरौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की कमी दूर करने, सोनोग्राफी व एक्स-रे मशीन तथा अन्य जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। इसके अलावा जनपद के मंडलीय चिकित्सालय तथा चक्रपानपुर मिनी पीजीआई में भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित मांगों को शीघ्र ही धरातल पर उतारने का आश्वासन दिया।