मरदह। हैदरगंज प्राथमिक विद्यालय परिसर में शनिवार को क्षेत्र के सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के आवंटन के लिए खुली बैठक बेनतीजा रही। इससे जुड़े बिंदुओं को गांव वालों के सामने रखा गया, लेकिन सहमति नहीं बन पाने के कारण बैठक निरस्त कर दी गई। हैदरगंज गांव में सरकारी राशन के दुकानदार के खिलाफ राशन वितरण में अनियमितता व ग्रामीणों से आए दिन दुर्व्यवहार को लेकर गांव के कार्ड धारक कई दिनों से जिलाधिकारी और जिला पूर्ति निरीक्षक के यहां पत्रक देकर जांच कराने के साथ दुकान निरस्त करने की मांग की थी। जिसके बाद उच्चाधिकारीओं के आदेश पर दुकान एक साल से निलंबित चल रही थी। शनिवार को दुकान का आवंटन करना था लेकिन लोगों के बीच आपसी रजामंदी नहीं होने प्रस्ताव निरस्त कर रविवार के दिन चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर नायब तहसीलदार राकेश कनौजिया, एडीओ सहकारिता बृजबिहारी सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल रामनगीना पाल, राजस्व निरीक्षक जयप्रकाश सिंह, ग्राम विकास अधिकारी अंजनी कुमार सोनकर सहित गांव के लोग मौजूद रहे।