गाजीपुर। अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (एपवा) की कार्यकर्ताओं ने बढ़ते पुलिसिया दमन, महिला हिंसा आदि को लेकर गहमर, खानपुर, गाजीपुर कार्यालय तथा हथौड़ा गांव में शुक्रवार को प्रतिवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरकार में महिला सम्मान की सुरक्षा की इच्छा शक्ति नहीं है। गहमर में में जिलाध्यक्ष चंद्रावती देवी ने कहा कि योगीराज में महिलाओं पर हिंसा, गैंगरेप, बलात्कार, महिला उत्पीड़न तथा अल्पसंख्यकों पर बढ़ रहे हमले की घटनाएं आम बात हो गईं। पुलिस इन पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। उन्होंने सोनभद्र में एक छात्रा के साथ यौन हिंसा के जिम्मेदार चौकी इंचार्ज को बर्खास्त करने तथा पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। इन सरकारों के पास महिलाओं के मान-सम्मान की सुरक्षा की इच्छा शक्ति नहीं रह गई है। इसलिए महिलाओं को संगठित होकर अपने आवाज को मजबूती से उठाने के लिए सड़कों पर आना होगा। कार्यक्रम में मुराही देवी, तेतरा, रीना, प्रमिला, लाली देवी, सरोज यादव ने भी अपने विचार रखे।