मुहम्मदाबाद। जिला सहकारी बैंक की शाखा यूसुफपुर में बुधवार को सहकारी समितियों के सचिवों की बैठक हुई। इसमें सहकारी देयों की वसूली की समीक्षा की गई। बैंक के उप महाप्रबंधक मोहम्मद एहतेशाम ने कहा कि शाखा की कुल डिमांड तीन करोड़ 96 लाख के सापेक्ष मात्र 81 लाख 54 हजार की वसूली हुई है जो काफी दयनीय है। सचिवों से कहा कि प्रत्येक दशा में दिए गए लक्ष्य की शत प्रतिशत पूरा करें। अपर जिला सहकारी अधिकारी मुहम्मदाबाद राधेश्याम सिंह ने खराब वसूली वाली समिति के सचिवों से 30 जून तक समिति को दिए गए लक्ष्य की पूर्ति करने के साथ ही परसा, राजापुर, कुंडेसर समिति की उर्वरक की ऋण सीमा तीन दिन के अंदर तैयार कर भेजने एवं समितियों की एक अप्रैल की डिमांड सूची तैयार कर शाखा पर देने का निर्देश दिया। फिरोजपुर समिति के सचिव ने समिति में बने गेहूं क्रय केंद्र पर बोरा न होने के चलते गेहूं की खरीद बाधित होने का मामला उठाया। समिति पर खरीदकर रखे हुए गेहूं का उठान कराने की मांग किया। बैठक में सहायक विकास अधिकारी सहकारिता विरेंद्र सिंह, शाखा प्रबंधक आनंद कुमार त्रिपाठी, समितियों के सचिव अजय कुमार पांडेय, श्रीमन सिंह यादव, सुधीर कुमार यादव, चंद्रकेश सिंह यादव, रघुनाथ सिंह यादव, अभ्िलाष कुमार आदि उपस्थित थे।