सेवराई। स्थानीय तहसील क्षेत्र के अति संवेदनशील गांव गोड़सरा में पंचायत चुनाव को शांतिपूर्वक और कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए संपन्न कराने के लिए पुलिस चौकी सेवराई के प्रभारी रामकुमार ओझा ने शुक्रवार को प्रत्याशियों के साथ बैठक की। पंचायत चुनाव में प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों को कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए शांतिपूर्वक चुनाव के दिन मतदान करने एवं कराने का निर्देश दिया। कहा कि अगर किसी भी प्रत्याशी द्वारा धारा-144 का उल्लंघन और कोविड-19 गाइडलाइन का पालन नहीं किया गया तो सख्त कार्रवाई होगी। किसी भी मतदाता को कोई भी प्रत्याशी प्रलोभन देते पकड़ा गया तो कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि भदौरा ब्लॉक का गोड़सरा गांव पंचायत चुनाव में अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। यहां के आमजन एवं चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों का यह कर्तव्य बनता है कि शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की सूचना मिलती है तो वैसे लोगों के विरुद्ध प्रशासन गुंडा और गैंगस्टर एक्ट जैसी कार्रवाई करेगा।