स्थानीय नेशनल इंटर कालेज के मैदान पर शहीद शशांक सिंह क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल रविवार को मऊ और आजमगढ़ के बीच खेला गया। इसमें मऊ ने आजमगढ़ को 24 रन से हराकर ट्राफी पर कब्जा कर लिया।
आजमगढ़ ने टॉस जीता। पहले बल्लेबाजी करते हुए मऊ ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 199 रन बनाए। टीम की ओर से रोहित ने 52 और राहुल ने आक्रामक 68 रन बनाए। आजमगढ़ की तरफ से रामसरीख ने 31 रन देकर तीन विकेट लिए।
जवाब में खेलने उतरी आजमगढ़ की टीम चार विकेट पर 175 रन ही बना सकी। अमित ने छह चौके एवं पांच छक्के की मदद से 57 गेंद पर 86 रन बनाए। धनंजय 37, वैभव 27 एवं यशवंत ने 17 रन बनाए। मऊ की तरफ से अमित ने 41 रन देकर दो विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार राहुल तथा मैन आफ द सिरीज का पुरस्कार अमित भगत को दिया गया।
प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार आजमगढ़ के रामसरीख और बेस्ट बैट्समैन अमित भगत रहे। विजेता टीम को तीस हजार रुपए का चेक और विजेता ट्राफी और उपविजेता टीम को बीस हजार रुपए का चेक और ट्राफी प्रदान की गई। आज के मैच के अंपायर अंकुर सिंह और अखिलेश गुप्ता, कमेंट्री विमलेश तिवारी, अजय यादव, महेश प्रजापति और विशाल सिंह ने की।
इससे पहले पूर्व क्रिकेटर शाहिद द्वारा दिए गए सोने का सिक्का टास के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने उछाला। प्रतियोगिता की विजेता टीम मऊ को ट्राफी और तीस हजार रुपए का चेक एवं अन्य पुरस्कार अभिनव सिन्हा ने दिया। इस अवसर पर अभिनव सिन्हा ने प्रतियोगिता कराने वाली कमेटी से वादा किया कि शहीद शशांक सिंह के नाम पर होने वाली यह प्रतियोगिता अगली बार राज्य स्तर की कराने में वह पूर्ण सहयोग करेंगे।
इस मौके पर राजकुमार सिंह झाबर, शहीद शशांक सिंह के पिता अरूण सिंह, अखिलेश राय, ब्लाक प्रमुख मनोज गुप्ता, सौरभ सिंह, कृष्णा यादव, भोला यादव, मयंक राय, अरविंद जायसवाल आदि मौजूद थे। पूरे टूर्नामेंट का मैन आफ द मैच का पुरस्कार आजाद के द्वारा चांदी का सिक्का दिया गया। अंत में कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र यादव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।