कासिमाबाद की खबर में गंगौली गांव निवासी----मृतका प्रियंका यादव की फाइल फोटो। स्रोत- परिजन
कासिमाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गंगौली गांव में शनिवार की रात कमरे में चौकी पर प्रियंका यादव (20) मृत अवस्था में मिलीं। वहीं ससुराल के लोग घर छोड़कर भाग गए थे। मृतका के पिता ने रविवार को तहरीर देकर पति प्रमोद यादव और जेठ संतोष यादव पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बलिया के रसड़ा कोतवाली थाना क्षेत्र के रौराचवर गांव निवासी कृपाल यादव ने तहरीर देकर बताया कि बेटी प्रियंका की शादी एक जून को कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के गंगौली गांव निवासी प्रमोद यादव के साथ हुई थी। उस दौरान सामर्थ्य के मुताबिक दहेज भी दिया गया था। इसके बाद भी बेटी को दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ मारा पीटा जाता था। शनिवार की रात दो बजे दामाद प्रमोद यादव ने फोनकर सूचना दी आपकी बेटी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही विवाहिता के पिता परिवार के साथ बेटी के ससुराल पहुंचे, वहां कोई मौजूद नहीं था। अंदर जाकर देखा तो चौकी पर बेटी मृत अवस्था में पड़ी थी। देखने से लग रहा था कि प्रियंका यादव का गला दबाकर कर हत्या कर दिया गया है। आरोप लगाया कि हत्या में दामाद प्रमोद यादव एवं उसके बड़े भाई संतोष यादव शामिल हैं। कोतवाल नंद कुमार तिवारी ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर विवाहिता के पति एवं जेठ के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी परिजनों सहित घर छोड़कर भाग गएहैं। गिरफ्तारी के लिए जगह- जगह और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।