स्थानीय कस्बे में शनिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस छानबीन करने में जुटी हुई है।
आजमगढ़ जनपद के मेहनाजपुर थाना के डुहरू गांव निवासी कंचन (22) की शादी दो वर्ष पूर्व दिलीप विश्वकर्मा के साथ हुई थी। ससुरालियों ने पुलिस को बताया कि विवाहिता कंचन की तबियत कई दिनों से खराब चल रही थी। सूचना पर मायके के लोग देखने भी आए थे। सुबह अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। इलाज के लिए पीजीआई आजमगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। इधर मौत की सूचना के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देने के साथ संदेहास्पद मौत की तहरीर देकर विधिक कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष कृपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका के भाई आनंद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही विधिक कार्रवाई चल रही है।